मुुगलसराय। मौसम के बदलते तेवर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तापमान के उतार-चढ़ाव से इसका असर जनजीवन पर पड़ रहा है। गुरुवार की सुबह सुहानी हवा, आसमान में छाए बादलों और हल्की बूंदाबांदी से लोगों को लगा कि मौसम खुशनुमा होगा लेकिन 10 बजे के बाद फिर आसमान से आग बरसने लगी और लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। गुरुवार को भी अधिकतम तापमान 41 डिग्री पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। तापमान में कमी न होने से घरों से बाहर निकलना मुकिश्ल हो रहा है। राहगीरों और स्कूली बच्चों को खासी परेशानी उठानी पड़ रहे हैं। लोग गमछे से मुंह बांधकर या फिर छाता लगाकर बाहर निकल रहे हैं। इधर कई दिनों से लगातार धूप और लू से राहत नहीं मिलने के कारण लोग घरों में कैंद है। बहुत जरूरी काम से ही बाहर निकल रहे हैं। तेज धूप के साथ 23 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुवा हवा चलने से दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों पर लोग छांव की तलाश करते रहे। बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार लू और धूप से राहत नहीं मिलने वाली है। हीट स्टोक के चलते पश्चिमी विक्षोभ की संभावना है। इससे मौसम में बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।