चंदौली। जिले में विकास कार्यों की धीमी गति पर केंद्रीय रेल राज्य एवं दूर संचार मंत्री मनोजन सिन्हा ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विकास कार्य में अधिकारी तेजी लाएं, इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर हाल में जिला मुख्यालय का निर्माण शुरू कराया जाए। साथ ही जिन विभागों के कार्यालय किराए के भवनों में चल रहे हैं, उनके विभागध्यध्क्ष जमीन तलाश कर उपलब्ध कराएं, सरकार मुआवजा देगी।
गुरुवार को वह कलेक्ट्रेट सभागार में निति आयोग के तहत विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिला बनने के 20 वर्ष बाद भी मुख्यालय नहीं बन पाया। सरकारी विभाग किराए संचालित है। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई और जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल को जल्द से जल्द निर्माण शुरू कराने का निर्देश दिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने जिले के शिक्षा क्षेत्र को स्किल डेवलपमेंट के तहत शिक्षा देने के विषय में जानकारी दी। जिसमें उन्होंने बताया कि इंटर के बच्चों को मानीटर व प्रोजेक्टर के माध्यम से शिक्षा दिए जाने की योजना आगामी जुलाई माह से है। जिस पर उन्होंने इस कार्य को केंद्र से मंजूरी दिलाने के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि किसानों से आपसी सहमति के आधार पर जमीन का क्रय करें ताकि कार्यालयों का निर्माण हो सके। उन्होंने कहा कि अधिकारी विकास कार्यों के लिए प्रोजेक्ट बनाकर दें। इसके लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।