पड़ाव (ब्यूरो)। मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत जलीलपुर चौकी के रतनपुर गांव में सोहनलाल के रिहायशी खपरैल के मकान में रविवार की रात रहस्यमय परिस्थिति में आग लग गई। गर्मी की वजह से पूरा परिवार घर के बाहर सो रहा था और जब तक वे जागते पूरा घर जल गया था। इस घटना में अनाज, बर्तन, बिस्तर सहित गृहस्थी का पूरा सामान जल गया। इस अगलगी से पूरा परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया।
रतनपुर गांव निवासी सोहनलाल कपड़े सिलकर अपना और दो बच्चों का गुजारा करता है और खपरैल के मकान में रह रहा था। रात में गर्मी की वजह से वह घर के बाहर दो बच्चों शनि (10) और मणि (08) के साथ सोया था। रात दो बजे आग की धधक से उसकी नींद खुली तो पूरा घर जलता दिखा। यह देख सोहन लाल के होश उड़ गए और शोर मचाते हुए आग बुझाना शुरू किया। शोर सुनकर लोगों की भीड़ जुट गई और सभी मिल कर आग बुझाने में जुट गए। प्रयास के बाद आग बुझी लेकिन तब तक घर में रखा तीन हजार रुपये नकद, सिलाई मशीन, सिलने के लिए आए कपड़े, बर्तन, अनाज, बिस्तर, आलमारी सहित पचास हजार रुपये मूल्य के सामान जल गए। इस घटना के बाद पूरा परिवार वाले आसमान के नीचे आ गया। अनाज जलने से सोहन लाल दाने दाने को मोहताज हो गया। आस पास के लोगों ने परिवार को खाना उपलब्ध कराया। क्षेत्रीय लोगों ने मुआवजा देने की मांग की।