चंद्रप्रभा प्रखंड के पंचम उपखंड में स्थित लेफ्ट कर्मनाशा माइनर से निकली गोपई माइनर पर गश्त करने के दौरान सींचपाल अविनाश को मारपीट कर घायल करने तथा जान से मारने की धमकी देने से आक्रोशित सिंचाई संघ ने मंगलवार से हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सिंचाई कालोनी परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरने के दौरान सिंचाई संघ के पदाधिकारियों ने सींचपाल पर हमले के आरोपी कांटा गांव निवासी छोटू सिंह तथा नारद सिंह को अविलंब गिरफ्तार किए जाने की मांग की है। वक्ताओं ने कहा कि पुलिस ने भी दबंगों के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज नहीं किया है। इससे सिंचाई कर्मियों में आक्रोश है। वक्ताओं ने कहा कि जब तक सींचपाल के हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं होती समस्त सींचपाल कार्य का बहिष्कार करेंगे। सिंचाईकर्मियों के इस धरने को समस्त सहायक अभियंताओं, अवर अभियंताओं तथा जिलेदारों का भी समर्थन मिला। धरने के दौरान सिंचाई संघ जिलाध्यक्ष अशोक कुमार, त्रिवेणी प्रसाद, अश्वनी श्रीवास्तव, श्यामलाल, लालबहादुर, अजय प्रभाकर, सुब्रत मुखर्जी आदि मौजूद रहे।