पीजी कॉलेज के मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. उदय शंकर झा ने मंगलवार को लिंगदोह कमेटी के अनुसार छात्र संघ चुनाव की तिथि घोषित कर दी है। इसके साथ ही कालेज में चुनावी अधिसूचना जारी हो गई है। छात्र संघ उम्मीदवारों को कॉलेज के दीवार और परिसर से पोस्टर बैनर हटा लेने का निर्देश दिया है। निर्देशों का पालन न करने पर पर्चा दाखिल करने से वंचित करने की हिदायत दी है।लंबे इंतजार के बाद महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति की अनुमति पर मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. उदय शंकर झा ने लिंगदोह कमेटी के अनुसार चुनाव कराने को लेकर अधिसूचना जारी किया है। इसमें नामांकन की तिथि 13 अक्तूबर सुबह दस बजे से होगी। 14 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच। 15 अक्तूबर को नाम वापसी के बाद उसी दिन उम्मीदवारों का प्रकाशन कर दिया जाएगा। 23 अक्तूबर को सुबह 9 बजे से 2 बजे तक मतदान होगा। उसी दिन मतगणना, चुनाव परिणाम की घोषणा और जीते हुए उम्मीदवारों को शपथ ग्रहण कॉलेज परिसर के पंडाल में होगा। चुनाव के तिथि की घोषणा होते ही कालेज में चुनावी हलचल बढ़ गई है। इस संबंध में मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि सख्ती से लिंगदोह कमेटी के नियमों का पालन कराया जाएगा।