मुगलसराय। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय वाराणसी के एनसीसी कैडेट द्वारा नाव से गंगा स्वच्छता अभियान चलाकर गंगा किनारे बसे गांवों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है। शनिवार को यह ग्रुप जैसे ही भूपौली गांव पहुंचा तो ग्रामीणों ने प्रत्येक सदस्य को फूल मालाओं से लादकर स्वागत किया। कैडेटों ने ग्रामीणों से गांव में स्वच्छता रखने और गंगा नदी में कूड़ा कचरा न फेंकने के लिए संकल्प लिया।
एनसीसी निदेशालय उत्तर प्रदेश के निर्देश पर एनसीसी ग्रुप मुख्यालय बीएचयू वाराणसी के 50 कैडेट नौका से शनिवार को भूपौली पहुंचे। यहां पर उन लोगों का ग्रामीणों ने फूल मालाओं से लाद कर जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कैडेटों ने प्राथमिक विद्यालय के साथ ही गांव में भ्रमण कर घर शौचालय बनवाने और खुले में शौच ना करने के लिए संकल्प लिया तथा भ्रूण हत्या पर रोक लगाने, स्वच्छ भारत, साक्षरता उन्मूलन, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ आदि के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक भी किया। अभियान का नेतृत्व कर रहे कैप्टन बी भट्टाचार्य ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य भारत के स्वछता अभियान में विशेष सहयोग करना है। जागरुकता अभियान के माध्यम से गंगा के तटवर्ती गांव में विश्राम स्थल पर स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को गंगा को स्वच्छ रखने के लिए संदेश देने का काम किया जा रहा है। इस दौरान रितेश कुमार राय, राजेश निषाद, विवेक निषाद, अभिषेक, शिव लाल, राहुल पटेल, जितेन्द्र ,हजारी लाल, पुनर्वासी गुप्ता आदि मौजूद रहे।