मुगलसराय। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव सोमवार को मनाया जाएगा। घरों में डोल सजाने की तैयारी पूरी हो गई है। वहीं मंगलवार को वैष्णव जन्माष्टमी मनाएंगे। थाना और देव मंदिरों पर श्रीकृष्ण जन्म की झांकी सजाई जाएगी और आधी रात को जन्मदिन मनाया जाएगा। जन्माष्टमी के मद्देनजर रविवार को बाजार पूरी तरह सजे रहे। खिलौने, श्रीकृष्ण की प्रतिमा और कैलेंडर, लकड़ी का रंग बिरंगा बुरादा आदि की खूब बिक्री हुई। युवा झांकी सजाने की तैयारी में लगे रहे।
पंडित कुंज बिहारी मिश्र कहते हैं कि भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाता है। भगवान श्रीकृष्ण का जन्म आधी रात को हुआ था। ऐसे में घरों में सप्तमी तिथि को ही आधी रात के वक्त श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाते हैं। दूसरी तरफ मंदिरों, थानों में अष्टमी तिथि को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाता है। सोमवार को शाम पौने आठ बजे से अष्टमी तिथि शुरू हो जाएगी। रात साढ़े 11 बजे चंद्रोदय होगा। इस तरह जन्मोत्सव के समय अष्टमी तिथि हो जाएगी। ऐसे में सोमवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। नगर के धर्मशाला रोड, जीटी रोड, रस्तोगी गली, परमार कटरा के सामने छोटे छोटे खिलौनों की दूकानें सजी रहीं। यहां राधा कृष्ण, सेना, ट्रक, जीप, हैंडपंप सहित अन्य खिलौनों के साथ तरह तरह के झूले, पीतल, प्लास्टिक, मिट्टी, संगमरमर के लड्डू गोपाल, थर्माकोल पर बनाए गए श्रीकृष्ण की मूर्ति, थर्माकोल के बने जेल, जंगल, पहाड़ की झांकी तथा झांकी सजाने के लिए विभिन्न रंगों में रंगे लकड़ी के बुरादे बिक रहे थे।