कंदवा। मुख्य आपूर्ति लाइन में आई गड़बड़ी के चलते अमड़ा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांवों मे पिछले 24 घंटे से बिजली गुल है। बिजली न होने के कारण भीषण गर्मी में लोग बाग परेशान हैं तो वहीं बिजली के उपकरण केवल शो पीस बने हुए हैं।
जमानियां से अमडा बिद्युत उपकेंद्र पर आपूर्ति होने वाली मुख्य सप्लाई में ही कहीं खराबी होने से विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई। पेयजल के लिए भी चहुंओर हाहाकार मचा हुआ है। धान की नर्सरी की सिंचाई भी बाधित है। ऐसे में लोगों को अनावश्यक परेशानी से दो चार होना पड़ रहा है। क्षेत्रीय ग्रामीणों द्वारा उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जल्द से जल्द विद्युत व्यवस्था ठीक कराने की मांग की गई है। इस संबंध में एसडीओ विद्युत कमालपुर धर्मदेव प्रसाद का कहना है कि शुक्रवार की दोपहर बाद आई आंधी के चलते जमानिया से आने वाली मुख्य लाइन में कहीं गड़बड़ी आने से विद्युत आपूर्ति बाधित है । गड़बड़ी दूर करने के लिए काम चल रहा है। जल्द ही ठीक कर लिया जाएगा।