पीडीडीयू नगर। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में कमी आ रही है। पिछले दो दिनों से कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या बढ़ी है। पिछले चौबीस घंटे में तीन नए कोरोना संक्रमित मिले हैं जबकि 19 लोग ठीक हुए। इसी तरह जिले में एक्टिव केस की संख्या घटकर 70 हो गई। इसकी पुष्टि डीएम संजीव सिंह ने की है।
जिले में रविवार को आई कोरोना रिपोर्ट में दो महिला और एक पुरुष संक्रमित मिले हैं। सभी स्थानीय हैं और वे अपने कार्य स्थल से संक्रमित हुए हैं। संक्रमितों में एक किसान और दो गृहिणी हैं। संक्रमितों में एक चंदौली और दो शहाबगंज ब्लाक के रहने वाले हैं। इन सभी के संपर्क में आए अन्य व्यक्तियों की कांटैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। आज कोविड जॉच की जांच के लिए कुल 908 नमूने संग्रहित किए गए। दूसरी तरफ रविवार को 19 संक्रमित व्यक्ति स्वस्थ हुए हैं। इस तरह जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4785 हो गई। इनमें एक्टिव केस की संख्या 70 है, जबकि 4655 संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में अब तक कुल 60 संक्रमितों की मृत्यु हो चुकी है।