चंदौली। मुख्यालय स्थित विकास भवन सभागार में बुधवार ओडीएफ कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। वहीं सीडीओ डा. एके श्रीवास्तव ने अनुपस्थित नौ नोडल अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। साथ ही 70 प्रतिशत से कम जीओ टैगिंग में कराने वाले 72 प्रधान व 72 ग्राम पंचायत, ग्राम विकास अधिकारियों को चेतावनी पत्र जारी किया। साथ ही दिसंबर माह तक कार्य पूर्ण नहीं किया तो निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
सीडीओ ने नोडल अधिकारियों से बारी-बारी से उनके गांवों की प्रगति समीक्षा की वहीं पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी द्वारा आठ महीने में कभी भी गांव न जाने पर नारजगी जताई और कार्य में सुधार लाने का निर्देश दिया। कहा ओडीएफ कार्य सरकार की प्राथमिकता में है इसके बाद भी संबंधित अधिकारी व कर्मचारी लापरवाही बरत रहे है। भूमि संरक्षण अधिकारी की कम प्रगति पर फटकार लगाई। चकिया के पिपरिया ग्राम प्रधान को शौचालय में रुचि न लेने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। इस दौरान डीपीआरओ उमाशंकर मिश्र, जिला पशु चिकित्साधिकारी डा.एसपी पांडेय, वित्त एवं लेखाधिकारी राजेंद्र प्रताप सिंह, डीसी मनोज श्रीवास्तव, जिला सेवायोजन अधिकारी शिव ललित मोहन सिंह रहे।