पड़ाव। मंगलवार से पड़ाव चौराहे पर चल रहा ऑटो चालकों का हड़ताल दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा। इस दौरान वाराणसी जाने वाले ऑटो चालकों ने अपने ऑटो खड़े कर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही वाराणसी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ऑटो चालकों की हड़ताल से वाराणसी जाने वाली सवारियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
ऑटो चालकों का कहना था कि उनके पास वाहन का सही पेपर होने के बाद भी नो पार्किंग ट्रैफिक का सर्टिफिकेट जिला प्रशासन द्वारा दिया गया है। वाहन के कागजात ठीक होने के बावजूद उन्हें परेशान किया जा रहा है। इसी के विरोध में स्थानीय चौराहे के समीप वाराणसी मार्ग पर ऑटो चालकों ने वाराणसी जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। ऑटो चालकों की हड़ताल के कारण वाराणसी जाने वाली सवारियों को परेशानी उठानी पड़ी। वाहन न मिलने की वजह से कई सवारियों को पैदल ही वाराणसी जाते देखा गया। प्रदर्शन करने वाले ऑटो चालकों में मुकेश विश्वकर्मा, राजा खान, तस्लीम, आरिफ शिददीकी, धर्मेंद्र पटेल, बाबू विश्वकर्मा, मुराद अली, कमलेश, राजू नेपाली, राजू गिरि, बबलू साहनी, वीरेंद्र शामिल थे। वहीं दूसरी तरफ मैदागिन जाने वाले ऑटो चालकों को सवारी लेकर जाने की छूट मिली रही।