चंदौली। स्थानीय बिछिया रेलवे गेट पर आउटर सिग्नल रेड होने से डाउन लाइन में एक मालगाड़ी करीब 20 मिनट तक खड़ी रही। जिससे रेलवे गेट के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। कड़ी धूप में राहगीर काफी परेशान हुए। 20 मिनट बाद सिग्नल हरा होने पर मालगाड़ी अपने गंतव्य की ओर रवाना हुई। इसके बाद रेलवे गेट खुलने पर लोगों ने राहत सांस ली।
बिछिया रेलवे गेट पर आवागमन काफी अधिक है। लोग गेट पार करके एक तरफ जिला मुख्यालय और दूसरी तरफ सकलडीहा के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों की ओर आते जाते हैं। रेलवे गेट बंद होने पर यहां अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। दोनो तरफ चार पहिया और बाइकों की लंबी लाइन लगती है। शनिवार को करीब 11 बजे के आसपास आउटर सिग्नल रेड होने से डाउन लाइन से गुजर रही मालगाड़ी रेलवे गेट के सामने खड़ी हो गई। जिससे रेलवे गेट के दोनो ओर जाम लग गया। कड़ी धूप होने के चलते लोग पसीने से तर बतर हो गए। करीब 20 मिनट बाद सिग्नल हरा होने पर मालगाड़ी अपने गंतव्य की ओर रवाना हुई। जिसके बाद रेलवे गेट खुलने पर लोगों ने राहत की सांस ली ।