चंदौली। आजमगढ़ बीडीओ संग मारपीट की घटना के बाद जनपद के पीडीएस (प्रादेशिक विकास सेवा) संवर्ग में गुस्सा है। सोमवार को सीडीओ डा. एके श्रीवास्तव के नेतृत्व में खंड विकास अधिकारियों ने विकास भवन में हाथ पर काली पट्टी बांध कर विरोध दर्ज कराया और घटना के दोषी एडीएम के विरुद्घ कार्रवाई की मांग की। चेताया कि कार्रवाई नहीं हुई तो सात अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।
आजमगढ़ जनपद में एडीएम प्रशासन और मोहम्मदपुर के बीडीओ संतोष गुप्ता के बीच 29 मार्च को किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। आरोप है कि एडीएम ने बीडीओ संग मारपीट की। इस घटना से पीडीएस संवर्ग में नाराजगी है। सोमवार को सीडीओ डा. एके श्रीवास्तव सहित संवर्ग के अधिकारियों ने एकजुटता दिखाते हुए हाथ पर काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया और घटना की निंदा की। कहा कि कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। यदि बीडीओ ने कोई गलती की थी तो उनके विरुद्घ वैधानिक कार्रवाई होनी चाहिए न कि अभद्रता या मारपीट। दोषी एडीएम के विरुद्घ कार्रवाई होने तक विरोध जारी रहेगा। अधिकारी पांच अप्रैल से दो दिवसीय कार्य बहिष्कार करेंगे। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो सात अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर देंगे। इस अवसर पर पीडी ऋषिमुनी उपाध्याय, डीडीओ पद्मकांत शुक्ल, धर्मजीत सिंह आदि रहे।