कंदवा। तीन माह से भुगतान न होने से नाराज अमड़ा विद्युत उपकेन्द्र के विद्युत ठेकेदार ने ने गुरुवार को पांच उपकेन्द्रों से जुड़े 120 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप कर दी। इससे त्योहार के मौके पर ग्रामीणों को काफी परेशानी हुई। अधिकारी पांच घंटे तक मनाते रहे लेकिन ठेकेदार नहीं माना। अंत में मुख्य अभियंता वाराणसी एके श्रीवास्तव ने सोमवार तक समस्या का निराकरण कराने का आश्वासन देकर विद्युत आपूर्ति शुरू कराया।
सुबह आठ बजे से ही बिजली कटी होने से ग्रामीण परेशान हो गये। जब उपभोक्ता उपकेंद्र पहुंचे तो विद्युत आपूर्ति मौजूद थी। इसे लेकर एसएसओ व ग्रामीणों में तीखी नोकझोंक भी हुई । बाद में पता चला कि अमड़ा विद्युत उपकेंद्र के ठेकेदार अजीत सिंह ने बिजली आपूर्ति रोक दी है। उसका कहना था कि विभाग पर उसका तीन माह का भुगतान बाकी है। उसने बताया कि एक फरवरी से बिना टेंडर के उपकेंद्र चल रहा है।
अधिकारियों और ठेकेदार की गैर जिम्मेदारी पूर्ण कार्य के कारण 120 गांवों की बिजली पांच घंटे तक त्योहार के दिन ठप रही जिससे काफी परेशानी हुई पांच घंटे के बाद मुख्य अभियंता एके श्रीवास्तव के हस्तक्षेप के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी। एसडीओ प्रशांत कुमार का कहना है कि फिलहाल उपभोक्ताओं को परेशानी न हो इसलिए समझा कर आपूर्ति शुरू करा दी गई है। त्योहार के बाद मामले की जांच कर कराकर कार्रवाई की जाएगी।