पीडीडीयू नगर। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने के साथ ही हॉट स्पॉट की संख्या बढ़ती जा रही है। मंगलवार की रात 24 नए संक्रमित मिले। इसमें पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर में सात संक्रमित मिले। वहीं नियामताबाद,चंदौली, बरहनी, सकलडीहा, चहनियां और धानापुर में संक्रमित मिले। दो पुलिस कर्मी, दो स्वास्थ्य कर्मी मिलने की वजह से वहां हॉट स्पॉट नहीं बनाया गया है। बाकी 18 स्थानों को नया हॉट स्पॉट बनाया गया है। ऐसे में हाट स्पाट की संख्या बढ़कर अब लगभग 235 तक पहुंच गई है।
जिले में मंगलवार की रात तक 555 संक्रमित हो गए। इसमें एक्टिव केस 317 है जबकि 233 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। अब हाट स्पाट की संख्या बढ़कर करीब 235 हो गई है। मंगलवार को पीडीडीयू नगर के मुगलसराय कोतवाली, हनुमानपुर, मैनाताली, लोको अस्पताल, प्लांट डिपो में एक एक संक्रमित ओर कैलाशपुरी में दो संक्रमित मिले। इसी तरह चंदौली नगर पंचायत के रेलवे कालोनी, किदवई नगर, कोतवाली में एक एक केस मिले। वहीं फुटिया और मझवार गांव में एक एक संक्रमित मिले। नियमताबाद ब्लाक के हृदयपुर, नियमताबाद, तारनपुर, कूढेखुर्द बरहनी ब्लाक के दूधारी गांव में एक एक संक्रमित मिले। सकलडीहा ब्लाक के गोकुलपुर में एक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दो कोरोना पॉजिटिव मिले। चहनियां ब्लाक के निधौरा, रामगढ़ में एक एक केस मिले। धानापुर ब्लाक के हेतिमपुर, नगर पंचायत सैयदराजा के वार्ड नंबर 11 में एक केस मिला। बुधवार को इन इलाकों को हॉट स्पॉट घोषित कर सील किया गया और डोर टू डोर थर्मल स्क्रीनिंग की गई।
चकिया। नगर में कोरोना पाजिटिव राशन कार्ड धारक परिवार को कोटेदार डोर टू डोर अनाज बांटेंगे। कोटेदार राशन पहुंचाने के लिए आपूर्ति विभाग ने पॉजिटिव मरीजों की वार्ड वाइज सूची मंगाई है। इस की सूची नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कृष्ण चंद्र ने बुधवार को नगर पंचायत से जारी कर दी है।
नगर पंचायत के अंतर्गत कोरोना संक्रमण के बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए संक्रमित के परिजन राशन कार्ड धारक को खाद्यान्न घर पर ही पहुंचाने का निर्देश दिया गया है। पूर्ति विभाग ने नगर पंचायत कार्यालय से संक्रमित परिजनों का वार्ड वाइज सूची उपलब्ध कराने को कहा। इस पर नगर पंचायत के ईओ कृष्णचंद्र ने नगर के वार्ड नंबर 4, कबीर नगर में दो, वार्ड नंबर 6, सिविल लाइन पूर्वी में 6, वार्ड नंबर 10, चौक में 5 तथा वार्ड नंबर 12 में 3 संक्रमित मरीजों का सूची जारी किया है। आपूर्ति अधिकारी ममता सिंह ने कहा कि संक्रमित परिवार के राशन कार्ड धारकों को कोटे की दुकान पर ना आने के एहतियात को देखते हुए उन्हें घर पर ही उनका राशन पहुंचाने के लिए सूची की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि कोटेदार अपने संसाधन से उनके घर तक राशन पहुंचाएंगे।