चंदौली। लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए आयोग ने संकल्प पत्र का सहारा लिया है। अब स्कूली बच्चे अपने परिजनों को मतदान के लिए जागरुक करने के लिए विद्यालयों में संकल्प पत्र भरेंगे। आयोग द्वारा भेजे गए संकल्प पत्र को विद्यालयों में भेजने के लिए बीएसए और डीआईओएस को जिम्मेदारी दी गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी नवनीत सिंह चहल ने बताया आयोग की ओर से भेजे गए संकल्प पत्र में मतदाताओं को जिम्मेदारियों का बोध कराया गया है। किस तरह सही वोट देश की तकदीर लिख सकता है। जिस तरह बच्चे पढ़ाई कर अपनी जिम्मेदारियों को पूरा कर रहे हैं। उसी तरह मां-बाप को भी मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपने दायित्वों को पूरा करना चाहिए। देश की बागडोर सुरक्षित हाथों में होगी, तो बेटे-बेटियों का भविष्य भी उज्ज्वल रहेगा। कहा जिले के सभी विद्यालयों में भेजकर संकल्प पत्र भरवाया जाएगा। इसमें विद्यार्थी का नाम, कक्षा, स्कूल का नाम, स्थान का उल्लेख होगा। छात्र-छात्राएं संकल्प पत्र घर ले जाकर अभिभावकों से भी इस पर हस्ताक्षर करवाएंगे। नाम, मोबाइल नंबर व ईमेल आइडी भी नोट कराएंगे। आयोग की ओर से
बच्चे, अभिभावक की फोटो के साथ संकल्प पत्र की प्रति फेसबुक पर भी अपलोड करने की अपील की गई है। ताकि अधिक से अधिक लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जा सके। कहा कि संकल्प पत्र को विद्यालयों में उपलब्ध कराने के लिए बीएसए और डीआईओएस को जिम्मेदारी दी गई है।