पीडीडीयू नगर। बकाए वेतन के भुगतान की मांग को लेकर पूर्वांचल विद्युत संविदा मजदूर संघ के सदस्यों ने सोमवार को पूर्वांचल विद्युत वितरण खंड कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने जमकर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और एक्सईएन का घेराव कर मांगपत्र भी सौंपा। इसके बाद कैलाशपुरी स्थित कैंप कार्यालय पर सभा की।
संविदाकर्मियों का कहना था कि पिछले तीन माह से मानदेय न मिलने के कारण उनके सामने जीविकोपार्जन का संकट खड़ा हो गया है। इसके अलावा ईपीएफ की कटौती न करने व पोर्टल पर कर्मचारियों का नाम अंकित न किए जाने से उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है। कहा कि मानदेय न मिलने से उनके सामने कई प्रकार का संकट खड़ा हो गया है। अभी कुछ दिन बाद ही होली का पर्व है। ऐसे में ठेकेदार द्वारा मानदेय का भुगतान न किए जाने से पर्व का रंग फीका पड़ने की पूरी संभावना बन गई है। उन्होंने एक्सईएन का घेराव कर पत्रक सौंपा। उनकी मांगे सुनने के बाद एक्सईएन प्रवीन कुमार सिंह ने होली से पहले मानदेय का भुगतान कराने व पोर्टल पर नाम अंकित कराने का आश्वासन दिया। इसपर आक्रोशित संविदाकर्मी शांत हो गए। घेराव करने वालों में सुशील शर्मा, दिलीप कुमार, जावेद खान, सागर विश्वकर्मा, अजीत कुमार, अनवर अहमद, अनिल, हरिद्वार, विजय, राजेंद्र, असलम शामिल थे।