चंदौली। क्षेत्र के डिग्घी स्थित खेल मैदान पर गुरुवार को शहीदिया स्पोर्टिंग क्लब की ओर से फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला पंचायत सदस्य सूर्यमुनी तिवारी ने किया। पहले दिन चार टीमों के बीच दो मैच खेले गए। इसमें कोरी और मुगलसराय की टीम ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया। इस दौरान सैकड़ों खेल प्रेमी मैदान के किनारे अंत तक डटे रहे। फुटबाल प्रतियोगिता का पहला मैच रामनगर स्पोर्टिंग क्लब और नव दुर्गा स्पोर्टिंग क्लब कोरी के बीच खेला गया। इसमें कोरी की टीम ने रामनगर को एक के मुकाबले दो गोल से हरा दिया। वहीं दूसरा मैच धानापुर और मुगलसराय स्पोर्टिंग क्लब के बीच खेला गया। दोनो टीमों के बीच काटे की टक्कर के बाद भी कोई गोल नहीं कर सका। ट्राई ब्रेकर में मुगलसराय स्पोर्टिंग ने धानापुर को पछाड़ते हुए अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सुर्यमुनी तिवारी ने कहा कि खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए, जीत या हार खेल का एक हिस्सा है। जीतने वाले आगे बढ़ते है और हारने वाली टीम को अपनी कमियों को दूर करने का मौका मिलता है। कहा कि खेल से शारीरिक और मानसिक दोनों का विकास होता है। ऐसे आयोजनों से क्षेत्रीय युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलते है। कहा कि सरकार की तरफ से भी प्रतियोगिताओं का आयोजन करके खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। जिससे वह आगे चलकर अपने गांव जनपद और देश का नाम रौशन कर सके। इस दौरान बुद्धू लाल निगम अल्ताफ अली इम्तियाज शाहनवाज नजीर मनोज कुमार सत्य प्रकाश आदि उपस्थित थे।