नियामताबाद। विकासखंड के कटरिया स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के परिसर में सोमवार को सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। इसमें जिला स्तरीय परिषदीय विद्यालयों की बालिका खो-खो प्रतियोगिता में अव्वल आने पर विद्यालय की छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह का शुभारंभ गोदरेज एग्रोवेट के प्रबंधक सीके झा ने किया।
जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के जिला महामंत्री सुनील सिंह यादव ने कहा कि खेलकूद बच्चों का शारीरिक व मानसिक विकास होता है। बीते 27 नवंबर को चकिया के आदित्य नारायण राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में परिषदीय विद्यालयों की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसमें पूर्व माध्यमिक विद्यालय कटरिया की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बालिका खो-खो प्रतियोगिता में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। सोमवार को टीम की छात्राओं पूजा, सविता, रीना, मंजीरा, गायत्री, गुड़िया, सुनीता, नीता, खुशबू को प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इनके अतिरिक्त धाविका रीना, गुड़िया व सविता यादव को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर मनोज पांडेय, जिला व्यायाम शिक्षक विवेकानंद दूबे, ग्रामप्रधान रामजी यादव, गीता, अजीत पांडेय, मृदुला देवी, गिरजा रानी, गरिमा यादव, रश्मि सिंह, सत्यप्रकाश यादव मौजूद रहे।