चंदौली। क्षेत्र के जमुनीपुर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान पर मंगलवार को वालीबाल प्रतियोगिता का आगाज हुआ। इसका शुभारंभ सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने फीता काटकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका परिचय प्राप्त किया। उद्घाटन मैच में माधोपुर और नई बजार की टीमों के बीच खेला गया। जिसमें माधोपुर ने नई बाजार की टीम को दो एक से से शिकस्त दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभुनारायण सिंह यादव ने कहा कि खेल को हमेशा खेल की भावना से खेलनी चाहिए। इससे प्रतिस्पर्धा के साथ ही आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होता है। विशिष्ट अतिथि प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के अध्यक्ष इंद्रजीत यादव अजीत ने कहा कि पारंपरिक खेलों को जीवंत बनाए रखने में ऐसे छोटे-छोटे आयोजन संजीवनी का काम करते हैं। खिलाड़ियों को खेल से निराश नहीं होना चाहिए, वहीं जीत के बाद खिलाड़ियों को अतिउत्साह से भी बचना चाहिए। इसके पूर्व माधोपुर और नई बाजार की टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान में जबरदस्त खेल का प्रदर्शन किया। इसमें माधोपुर ने नई बाजार की टीम को दो एक से शिकस्त देकर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। इस दौरान चंद्रशेखर सिंह, चंद्रभान यादव, दीपू सिंह, मयंक सिंह, आलोक सिंह, रामविलास, अभिषेक गुप्ता, केशव यादव, डब्लू सिंह, अभिताभ सिंह टप्पू, गुड्डू सिंह उपस्थित रहे। संचालन शशिधर सिंह ने किया।