पीडीडीयू नगर। पं दीनदयाल उपाध्याय जं स्टेशन की सुरक्षा फूल प्रूफ होगी। इसके लिए रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट पर स्कैनर लगाया जाएगा। इसके लिए हाजीपुर से आए इंजीनियर ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पहुंच कर जांच पड़ताल की। यही नहीं आरपीएफ, जीआरपी से मुलाकात की और इंजीनियर विभाग की टीम के साथ स्कैनर लगाने के लिए जगह की तलाश की।
हावड़ा दिल्ली रूट पर पं दीनदयाल उपाध्याय जं अति व्यस्त रेलवे स्टेशन है। प्रतिदिन यहां से 250 से अधिक ट्रेन गुजरती है। यही नहीं यहां से प्रतिदिन पंद्रह से बीस हजार यात्री ट्रेनों पर सवार होते हैं और उतरते हैं। इतनी बडी संख्या में यात्रियों के आवागमन की वजह से स्टेशन की सुरक्षा कठिन है। यही कारण है कि स्टेशन सोना, चांदी, नशीला पाउडर और हथियारों की तस्करी का ट्रांजिट प्वाइंट बना हआ है। वाराणसी से सटे होने की वजह से प्रतिदिन दूसरे स्थानों से भी लोग ट्रेन पर सवार होने के लिए आते हैं। स्टेशन परिसर में भी संदिग्ध वाहन भी खड़े रहते हैं। ऐसे में यहां की सुरक्षा के लिए लोग चिंतित रहते हैं। रेलवे स्टेशन की सुुरक्षा को लेकर चिंतित है। हाल ही में स्टेशन का नाम परिवर्तित किया गया है और स्टेशन भवन को नए सिरे से तैयार करने की तैयारी की जा रही है। ऐसे में स्टेशन की सुरक्षा को पुख्ता किया जा रहा है। इसके मद्देनजर मुख्य गेट पर स्कैनर लगाने की तैयारी की जा रही है। इससे स्टेशन की तरफ आने वाले वाहन की जांच हो सकेगी। इसके लिए हाजीपुर से जोन के जेेई राजेश पोद्दार शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पहुंचे और इसकी जांच पड़ताल की। उन्होंने जीआरपी प्रभारी आरके सिंह, आरपीएफ वेस्ट पोस्ट प्रभारी वीएन मिश्र, आईओ डब्लू प्रताप सिंह के साथ बैठक कर मंथन किया।