चंदौली। सदर और नौगढ़ ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। ब्लाक मुख्यालयों पर सात मार्च को नामांकन और नौ मार्च को चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। मतदान के दिन ही परिणाम भी घोषित कर दिया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी और जिलाधिकारी हेमंत कुमार ने नोटिस जारी कर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। दोनों ही ब्लाकों में प्रमुख के पद अनारक्षित हैं। अधिसूचना जारी होते ही सदर और नौगढ़ में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
सदर ब्लाक प्रमुख भगवानदासी देवी की मृत्यु के बाद यहां प्रमुख का पद रिक्त चल रहा है। जबकि नौगढ़ में क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव लाकर निवर्तमान प्रमुख और राबर्ट्सगंज सांसद के भाई जवाहिर खरवार को पद से हटा दिया था। बहरहाल दोनों ही ब्लाकों में प्रमुख के रिक्त पदों पर चुनाव की तिथि निर्धारित कर दी गई है। नामांकन, चुनाव और मतगणना का कार्य संबंधित ब्लाक मुख्यालयों पर ही होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी हेमंत कुमार की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार सात मार्च को पूर्वाह्न ग्यारह से तीन बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। अपराह्न तीन बजे के बाद नामांकन पत्रों की जांच शुरू कर दी जाएगी। आठ मार्च को पूर्वाह्न ग्यारह बजे से अपराह्न तीन बजे तक नाम वापसी प्रक्रिया संपन्न होगी। नौ मार्च को पूर्वाह्न ग्यारह से अपराह्न तीन बजे तक मतदान और तीन बजे के बाद मतगणना भी शुरू करा दिया जाएगा। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप ने बताया कि चुनाव की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गईं हैं। निर्धारित तिथि पर चुनाव कराया जाएगा।