कंदवा। पईकुशी गांव में लगा 25 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर एक माह पहले से फूंक गया है। इससे पूरे गांव और पंपिंग सेटों की विद्युत आपूर्ति ठप है। इससें धान की रोपाई के बाद सिंचाई के लिए दिक्कत हो रही है। बावजूद इसके विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उदासीन पड़े हुए हैं।
बिजली विभाग द्वारा क्षेत्र के पईकुशी गांव में बिजली आपूर्ति के लिए 25 केवीए के विद्युत ट्रांसफार्मर की स्थापना की गई है। जिससे गांव के अलावा सिंचाई के लिए पांच पम्पिंग सेटों को विद्युत आपूर्ति होती है। किंतु एक माह पूर्व उक्त ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने से ट्रांसफार्मर जल गया है। जिससे पूरे गांव में अंधेरा छा गया और पम्पिंग सेट भी मात्र शोपीस बनकर रह गए है। ग्रामीणों का आरोप है कि इसकी जानकारी बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों को देने के एक माह बाद भी ट्रांसफार्मर बदला नहीं गया। जिसे लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीण रविन्द्र राय, विजय नारायण सिंह, राम लच्छन सिंह, बीरेंद्र राय, श्याम नारायण सिंह, काशी नाथ सिंह, राणा सिंह, संतोष सिंह, चन्द्रदेव सिंह आदि ने जिलाधिकारी का घ्यान आकृष्ट कराते हुए उक्त जले ट्रांसफार्मर को बदलवाने की मांग की है।