पीडीडीयू नगर। चंदासी उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में लो वोल्टेज, ट्रिपिंग और बिजली कटौती की समस्या दूर करने के लिए बिजली निगम ने सुधार कार्य शुरू किए हैं। बिजनेस प्लान के तहत क्षेत्र में 17 नए ट्रांसफाॅर्मर लगाए गए हैं। इसके अलावा तीन किलोमीटर एबीसी (एरियल बंच्ड केबल) और पांच किलोमीटर 11 केवी के तार बदले गए हैं। रविनगर में सिंचाई विभाग के पास 250 केवीए का अतिरिक्त ट्रांसफाॅर्मर लगाया जाएगा। अधिकारियों का दावा है कि इन कार्यों से बिजली आपूर्ति में सुधार होगा।
शहरी और आसपास के क्षेत्रों में आबादी बढ़ने के साथ नए मकान बन रहे हैं। इससे बिजली कनेक्शनों की मांग बढ़ी है। पुराने और कम क्षमता वाले ट्रांसफाॅर्मरों पर लोड बढ़ने से लो वोल्टेज और लोकल फॉल्ट की समस्या सामने आ रही थी। इसे देखते हुए निगम ने ट्रांसफाॅर्मरों की क्षमता बढ़ाने और अतिरिक्त ट्रांसफाॅर्मर लगाने का काम शुरू किया है।
चंदासी उपकेंद्र से जुड़े हिनौली, महाबलपुर और नसीरपुर पट्टन में 23 केवीए की जगह 63 केवीए के ट्रांसफाॅर्मर लगाए गए हैं। नसीरपुर और सहजौर में 63 केवीए की जगह 100 केवीए तथा सिकटिया में 10 केवीए की जगह 25 केवीए क्षमता के ट्रांसफाॅर्मर लगाए गए हैं। हरिशंकरपुर, हिनौली तिराहा, हिनौली गांव की अनुसूचित जाति बस्ती, छिमिया, कैथापुर और कंकरहिया बस्ती सहित अन्य स्थानों पर 250 केवीए क्षमता के ट्रांसफाॅर्मर लगाए गए हैं।
रविनगर में चंद्रप्रभा प्रखंड के समीप 250 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर लगाने के लिए गड्ढा खोद दिया गया है। अब प्लेटफार्म तैयार कर ट्रांसफाॅर्मर स्थापित किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, अतिरिक्त ट्रांसफाॅर्मर लगने से लोड का बंटवारा होगा और आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होगी।
इनसेट:
यहां बढ़ाई गई ट्रांसफाॅर्मरों की क्षमता
बढ़ती आबादी और नए बिजली कनेक्शनों के कारण ट्रांसफाॅर्मरों पर लोड बढ़ रहा था। इससे लो वोल्टेज और लोकल फॉल्ट की समस्या आ रही थी। बिजनेस प्लान के तहत हिनौली, महाबलपुर, नसीरपुर पट्टन, सहजौर और सिकटिया में पुराने ट्रांसफाॅर्मरों की जगह अधिक क्षमता वाले ट्रांसफाॅर्मर लगाए गए हैं।
कोट-
-
गर्मी में बिजली की मांग बढ़ने पर निर्बाध आपूर्ति के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उपभोक्ताओं को बिजली संबंधी समस्याएं न हों, इसके लिए नए और अधिक क्षमता वाले ट्रांसफाॅर्मर लगाने के साथ जर्जर तारों को बदलने का काम किया जा रहा है।
- दीपक पटेल, उपखंड अधिकारी, चंदासी उपकेंद्र