कंदवा। क्षेत्र के तेल्हरा गांव स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मेडल व शील्ड देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राथमिक विद्यालय रामपुर के प्रधानाध्यापक बलराम पाठक ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने प्रीति, स्नेहा, चंद्रकला, खुशबू, मनीषा, किशन, मदन, शिवम और विष्णु को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज का दर्पण है। शिक्षा के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर किया जा सकता है। कहा कि होनहार बच्चों को चिन्हित कर उन्हें प्रोत्साहित करने की जरूरत है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे आज परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण कर ऊंचे ओहदे पर आसीन हो चुके हैं। अमड़ा गांव निवासी परमानंद सिंह, इमिलिया के अमित सिंह इसके उदाहरण हैं। मुख्य अतिथि ने गणतंत्र दिवस समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल व शील्ड देकर सम्मानित किया । सम्मानित होकर बच्चे काफी गदगद थे । इस अवसर पर अच्युतानंद त्रिपाठी, दिनेश सिंह, पंकज कुमार त्यागी, अन्नू सिंह, ज्ञान प्रकाश, अरविंद मौजूद रहे ।