पीडीडीयू नगर। बिजली विभाग के अवर अभियंताओं का मनोहरपुर स्थित एसी कार्यालय पर चल रहा कार्यबंद आंदोलन शनिवार को भी जारी रहा। प्रदेश सरकार पर राजनीतिक उत्पीड़न का आरोप लगा इंजीनियर एक दिवसीय उपवास पर रहे।
धरनारत अवर अभियंता प्रमोद के नेतृत्व में अपने नौ सूत्रीय मांगो के समर्थन में 24 घंटे के उपवास पर हैं। वक्ताओं ने कहा कि सरकार अवर अभियंताओं के नौ सूत्रीय मांग ग्रेड पे 4600 से 12540रु. किए जाने, 19 वर्ष की सेवा के बाद अधीक्षण अभियंता का वेतन दिए जाने, पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू किए जाने, वितरण व उत्पादन निगम में नये पदों का सृजन किए जाने, उत्पादन निगम में सहायक अभियंता के रिक्त पदों पर अवर अभियंता को प्रोन्नत किए जाने, उपकेंद्र पर अवर अभियंता कक्ष बनाये जाने आदि मांगो पर वार्ता न कर अवर अभियंताओं का उत्पीड़न कर रही है। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन के प्रवक्ता एके पांडेय ने बताया कि यदि सरकार अवर अभियंताओं की मांगो पर द्विपक्षीय वार्ता कर समाधान नहीं निकालती तो विवश हो पूरे प्रदेश के अवर अभियंता 27 सितंबर से 48 घंटे के उपवास पर चले जाएंगे। उपवास पर बैठने वालों में बिटेश्वर कुमार, प्रमोद राम, सुनील सिंह, केएल यादव, घनश्याम, मनोज पटेल, अजय कुमार, देवानंद कुमार, राधेश्याम चौहान शामिल थे।