पीडीडीयू नगर। सफाई अभियान को सफल बनाने के लिए नगर पालिका विभाग की ओर से विभिन्न वार्डों में जगह- जगह कूड़ेदान रखवाया गया है। रखखाव के अभाव में ये कूड़ेदान लोगों की परेशानी भी बन जा रहे हैं। कुछ कूड़ेदानों को तो चोर उठा भी ले गए हैं। वहीं कुछ सड़कों पर गिरे रहते हैं जिससे आवागमन में लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। कैलाशपुरी वार्ड में कुछ कूड़ेदान इस बात की तस्दीक भी कर रहे हैं।
रात के समय इन कूड़ेदानों के आसपास आवारा पशु चक्रमण करते रहते हैं। वे कूड़ेदानों में पड़े कूड़े को सड़क पर बिखेर दिया करते हैं। इससे आने - जाने वाले लोगों को परेशानी होती है। इसके अलावा चोर भी इन कूड़ेदानों पर हाथ साफ कर दे रहे हैं। पटेलनगर कालोनी में सभासद के घर के समीप रखा कूड़ेदान चोर चुरा ले गए। नगरवासियों का कहना है कि पालिका विभाग को इन कूड़ेदानों के रखरखाव का पुख्ता इंतजाम करना चाहिए जिससे परेशानी न उठानी पड़े।