नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के बसनी गांव निवासी रेलकर्मी विजय यादव के घर में सोमवार रात बाउंड्रीवाल फांदकर घुसे चोर कमरे में रखे बक्सा और सूटकेस अपने साथ ले गए। घर से लगभग दो सौ मीटर की दूरी पर चोरों ने ताला तोड़ उसमें रखे साठ हजार रुपये नगदी समेत लाखों रुपये मूल्य के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। मंगलवार की सुबह घटना की जानकारी होते ही रेलकर्मी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी रही। बसनी गांव निवासी विजय यादव सोमवार कि शाम अपने ससुराल तारापुर गए थे जबकि उनकी पत्नी तारा देवी घर में अकेली । घर में ताला बंद देख चोर रात में बाउंड्रीवाल फांदकर घर में घुस गए और इसके बाद कमरे में रखे बक्से और सूटकेस को अपने साथ घर से दूर ले गए और ताला तोड़कर उसमें रखा नगदी व सामान निकाल लिया। पीड़ित के अनुसार बक्से और सूटकेस में साठ हजार नगदी, दो सोने की चेन, दो अंगूठी ,मंगलसूत्र, दो झुमका, दो आयरन ,दो पायल, करधनी ,चार चूड़ी रखी हुई थी। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों की नजर जब खेत में पड़े टूटे हुए बक्से और सूटकेस पर पड़ी तो वहां भीड़ लग गई। वहीं सुबह जब तारा देवी कमरे गई तो वहां की स्थिति देख वह भौचक रह गई। बाद में उन्होंने घटना की सूचना अपने पति को दी। जिस पर विजय ने घटना के बाबत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी रही।