नियामताबाद। मुख्यमंत्री समग्र ग्राम विकास योजना के तहत पिछड़े गांवों की चयन प्रक्रिया जल्द शुरू करें कर्मचारी। इसके चयन में सभी मानकों का पालन सुनिश्चित होना चाहिए । लापरवाही होने पर कार्रवाई की जाएगी। ये बातें मुख्य विकास अधिकारी अभय श्रीवास्तव ने रविवार को ब्लॉक सभागार में आयोजित बैठक के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि फरवरी माह में प्रदेश शासन के मुख्य सचिव राजीव कुमार का दौरा जिले में होना है। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारी व कर्मचारी पूरी तन्मयता से विकास कार्यों को पूर्ण कराएं। यदि किसी भी विकास कार्य में लापरवाही बरती गई तो जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना का कार्य हर हाल में पूर्ण हो जाना चाहिए। साथ ही इसमें मानकों का भी पालन होना चाहिए। इसके निर्माण में मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री समग्र ग्राम विकास योजना के तहत अति पिछड़े गांवों के चयन का भी निर्देश दिया। इस दौरान जिला विकास अधिकारी पद्मकांत शुक्ला, पीडी ऋषिमुनि उपाध्याय, बीडीओ राजन राय, धनंजय सिंह, लाल अमरेंद्र सिंह, श्रीश त्रिपाठी, रणजीत सिंह, संजीव कुमार, दिग्विजय आदि मौजूद रहे।