चंदौली। गेहूं की वैज्ञानिक खेती के बाबत शुक्रवार को कृषि विज्ञान केंद्र में एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इसमें कृषि वैज्ञानिकों ने गेहूं की खेती के आधुनिक तकनीकों के बारे में बताया। उद्यान वैज्ञानिक गौरीशंकर वर्मा ने गेहूं की फसल में लगने वाले रोग और कीट नियंत्रण के बारे में बताया। साथ ही कृषि बागवानी के तहत आम, आंवला, अमरूद पपीते के खेती कर आय को बढ़ाने के तरीके भी सुझाए। डा. समीर पांडेय ने गेहूं में सिंचाई प्रबंध की जानकारी दी। वैज्ञानिकों ने गेहूं की फसल में उर्वरक के प्रयोग, घास नियंत्रण के बारे में विस्तार से बताया। कहा कि किसान परंपरागत खेती में नवीन तकनीक के सहयोग से अपनी आय को बढ़ा सकते हैं। साथ ही खेती की अन्य तकनीकों का प्रयोग कर आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाया जा सकता है। इस अवसर पर डा. सुरेंद्र राम, डा. अभयदीप गौतम, शिवनाथ चटर्जी आदि उपस्थित रहे।