चंदौली। जिलाधिकारी हेमंत कुमार ने गुरुवार की शाम कैंप कार्यालय पर जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक की। इस दौरान गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण, कुपोषण और बच्चों के टीकाकरण में लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं करने पर नाराजगी व्यक्त की। खराब प्रगति प र प्रभारी चिकित्साधिकारी पीपी सेंटर मुगलसराय को जमकर फटकार लगाई। सीएमओ को निर्देश दिया कि सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्साधिकारियों की उनके कार्य के आधार पर ग्रेडिंग कराते हुए सूचना उपलब्ध कराएं।
प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बायो मेडिकल आडिट समिति का गठन नहीं होने पर भी नाराजगी व्यक्त की और सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिया कि बायो मेडिकल वेस्ट के लिए गड्ढा खुदवाकर उसका निर्माण सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रसव कक्ष में साफ बिस्तर, बेडशीट, चादर लगाने और आपरेशन कक्ष को वातानुकूलित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा अधिकारी भोलेंद्र प्रताप सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।