सकलडीहा। तहसील मुख्यालय के पास भारी जलजमाव होने से जहां पीजी कालेज में पढ़ने वाले छात्र, अंबेडकर छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थी व तहसील पर कार्य कराने के लिए आने वाले क्षेत्रीय ग्रामीणों को भारी दुर्गंध का सामना करना पड़ता है। वहीं दोपहर बाद मच्छरों के आतंक से संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका से लोग दहशत में हैं। सबसे बड़ी बात कि नागेपुर गांव निकलने वाली नाली का गंदा पानी भी तहसील मुख्यालय के समीप जमा हैं। पक्की नाली के अभाव में गंदा पानी पीजी कालेज व अंबेडकर छात्रावास के पास फैला हुआ है। जिसको लेकर लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हैं।
नागेपुर गांव के घरों से निकलने वाला गंदे पानी का निकास अंबेडकर छात्रावास के बगल से तहसील मुख्यालय के पास गिरता हैं। लेकिन आगे पानी की निकासी न होने के कारण पीजी कालेज के दूसरे गेट के पास जमा हो गया हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पानी के सड़न से बड़े-बड़े मच्छर दिन में ही लोगों को डंक मारते हैं। जिससे परेशानी के साथ संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका प्रबल हो गई हैं। ग्रामीण सुरेंद्र, मनोज, राकेश, पवन, मुकेश, मनोहर आदि ने जिला प्र्रासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए गंदे पानी की निकासी के लिए पक्की नाली बनाने की मांग किया हैं।