चंदौली। जिला प्रशासन ने सरकारी जमीनों पर कब्जा किये हुए दबंगों के विरुद्घ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को एसडीएम सदर विकास सिंह ने लेखपालों संग मुख्यालय और जसुरी मौजा में पड़ने वाली अतिक्रमण युक्त जमीनों का निरीक्षण किया। इस दौरान तीन स्थानों को चिह्नित कर कब्जेदारों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। बताया कि जमीनों को खाली कराकर वहां कर्मचारियों के लिए आवास का निर्माण कराया जाएगा।
एसडीएम विकास कुमार सिंह ने लेखपालों संग तीन स्थानों पर कब्जा की गई जमीनों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि जसुरी मौजा में पावर हाउस के पीछे खलिहान के नाम से दर्ज आराजी नम्बर 268 व रकबा 0.579 पर भू-माफिया जोताई-बोआई कर रहे हैं। वहीं आराजी नम्बर 427 और रकबा 0.332 तीन लोगों के अतिक्रमण में है। जबकि 14.142 हेक्टेयर कबीर मठ पर किसी का भी स्वामित्व न होने से इसे सरकारी संपत्ति घोषित कराया जाएगा। बताया कि इस मठ पर वर्तमान में जो व्यक्ति अपना दावा प्रस्तुत कर रहा है उसके पास वैध कागजात नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के आदेश पर अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर कब्जे वाली जमीनों को मुक्त कराया जाएगा। बताया कि सभी को एक सप्ताह का समय दिया जाएगा। इसके बाद प्रशासन और पुलिस टीम संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराएगी। बताया कि शासन के निर्देश पर अभियान चलाकर अतिक्रमण वाली सरकार जमीनों को खाली कराया जा रहा है। एसडीएम के साथ लेखपाल नीरज श्रीवास्तव, सूर्य प्रकाश, शमद आदि रहे।