चंदौली। 29 नवंबर को तीन नगर पंचायत व एक नगर पालिका के लिए मतदान होना है। मतदान की तैयारी में सुरक्षा व्यवस्था व अन्य इंतजाम की समीक्षा करने के लिए शुक्रवार को आईजी रेंज दीपक रतन व मंडलायुक्त नितिन रमेश गोकर्ण ने कलेक्ट्रेट में समस्त आरओ व पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने तैयारियों का जायजा लिया। इसके साथ ही बूथों पर साफ-सफाई के लिए विशेष जोर देने के अलावा संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था कराने के लिए दिशा निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील बूथों की बेबकास्टिंग के माध्यम से चुनाव आयोग सीधा प्रसारण देखेगा। इसकी तैयारी पहले से कर लें। निर्देश दिया कि प्रत्याशियों के समर्थकों व प्रस्तावकों के अपराधिक रिकार्ड की भी जांच कर ला जाए।
मंडलायुक्त ने कहा कि ऐसे लोगों को बाउंड डाउन करें जिनका पिछले चुनाव में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न करने में योगदान रहा हो। उन्होंने यह भी अधिकारियों जानकारी ली कि प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान वीडियोग्राफी कराई गई है कि नहीं। जिला निर्वाचन अधिकारी हेमंत कुमार वीडियोग्राफी कराए जाने की बात कही। कमिश्नर ने पुलिस अधीक्षक से कहा कि ऐसे सभी सीडी को मंगाकर प्रत्याशियों के समर्थन में आए लोगों को चिह्नित करें जिनकी गतिविधि ठीक न हो। आईजी रेंज दीपक रतन ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पर्याप्त फोर्स की व्यवस्था है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से कहा कि जिले में कितनी फोर्स है और अतिरिक्त आवश्यकता के लिए सूची 26 नवंबर तक दे दें। वाराणसी में आगामी 26 को होने वाले चुनाव के बाद फोर्स यहां के लिए भेज दी जाएगी। साथ ही उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों से कहा कि वह एक-एक बूथों की नियमित रूप से जांच करें। पैदल गश्त हर हाल में करें। हिस्ट्रीशीटर, जिला बदर किए लोग चोरी से पुन: आकर अपने घरों में तो नहीं रह रहे हैं। इसकी भी जांच करें। जिला बदर किए गए लोगों के घरों पर निगाह रखने की आवश्यकता है। इस दौरान जिलाधिकारी हेमंत कुमार, पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ, सीओ, के साथ-साथ संबधित थाना प्रभारी उपस्थित रहे।