धीना। क्षेत्र के बसन्तपुर माइनर में अतिक्रमण से पानी का बहाव रुक गया है जिससे ओवर फ्लो होने से शनिवार की सुबह मुड़कपुआ भैंसउर गांव के सीवान में पचास एकड़ से अधिक धान की रोपी गई फसल जलमग्न हो गई। इससे किसानों के सामने बड़ी समस्या उत्पन्न हो गई। किसानों ने चेताया कि समस्या का समाधान जल्द से जल्द नहीं हुआ तो धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
विगत 25 मई को जिलाधिकारी हेमंत कुमार ने बसन्तपुर माइनर की खुदाई का उद्घाटन किया था। विभाग द्वारा जेसीबी द्वारा माइनर की साफ सफाई के नाम पर कोरम पूर्ति कर अपने कार्यों की इतिश्री कर ली। जिससे माइनर से बरसात के पानी की निकासी न होने से सैकड़ों एकड़ खेतों में धान की रोपाई का संकट खड़ा हो गया है। जबकि राजेश दूबे चार एकड़, श्रीराम सिंह दो एकड़, गुड्डू सिंह दो एकड़, उत्तम दूबे चार एकड़, राजाराम राय पांच एकड़, भानु राय तीन एकड़, विमल दूबे दो एकड़, विनय दूबे दो एकड़, योगेन्द्र नाथ राय पांच सहित कई किसानों का रोपा गया धान का खेत जलमग्न हो गया है। किसानों का आरोप है कि भैंसा गांव का एक व्यक्ति माइनर पर अतिक्रमण कर लिया है। जिससे माइनर से पानी निकासी न होने से किसानों की फसल बर्बाद हो गई है। इस संबंध में अवर अभियंता सिचाई विभाग राजेश कुमार सिंह ने बताया कि धान की रोपाई डूबने की जानकारी नही है। यदि किसानों की धान की रोपी गई फसल डूब चुकी है तो तत्काल समस्या का समाधान किया जाएगा।