पडाव। नियामताबाद विकास खंड अंतर्गत मुगलसराय विधान सभा क्षेत्र के मढ़िया गांव को विधायक के गोद लिए जाने के बाद इसके विकास की गति तेज होने के आसार बढ़ गए हैं। सोमवार को इसकी शुरुआत साफ-सफाई के साथ हुई। जिला स्तरीय अधिकारियों और विधायक ने भाजपा नेताओं के साथ हाथों में झाड़ू लेकर पूरे इलाके की साफ सफाई की। डीपीआरओ ने निर्देश दिया कि गांव की पूरी तरह साफ-सफाई होने तक प्रतिदिन रोस्टर लगाकर यहां सफाईकर्मी झाड़ू लगाएंगे।
मुगलसराय विधायक साधना सिंह ने मंगलवार को मढ़िया गांव को गोद लेने की घोषणा की थी। इसके बाद उन्होंने देर शाम गांव में पहुंच कर यहां की स्थिति को देखा था। यहां सर्वाधिक शिकायत गंदगी की मिली थी। नालियां जाम मिलीं जबकि जगह-जगह कूड़े का अंबार लगा मिला। इस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों से इसकी शिकायत की थी। इसके बाद सोमवार को यहां साफ-सफाई की योजना बनाई गई। सुबह सात बजे डीपीआरओ अनिल कुमार सिंह, नियामताबाद बीडीओ विजय सिंह सहित अन्य अधिकारी पहुंच गए। वहीं विधायक साधना सिंह, भाजपा नेता शिवशंकर पटेल सहित अन्य नेता पहुंच गए और एकजुट होकर सफाई अभियान की शुुरुआत की। एक घंटे तक गांव में झाड़ू लगाया गया। इसके बाद विधायक गांव के प्राथमिक विद्यालय पर पहुंची। यहां अव्यवस्थाओं को देख कर तत्काल दो बालिका और दो बालक शौचालय, विद्यालय की पूरी बाउंड्री, दो कमरों का निर्माण, दो खराब पड़े हैंडपंप के मरम्मत का निर्देश दिया। विधायक ने कहा कि जब तक गांव की पूरी तरह साफ-सफाई नहीं होती तब तक रोस्टर लगाकर प्रतिदिन सफाईकर्मियों की टोली गांव में झाड़ू लगाएंगे। इस मौके पर दिनेश सिंह, प्रमोद पटेल, रमेश पटेल, राजकुमार यादव, प्रभु प्रजापति आदि रहे।