दुलहीपुर। चंदासी विद्युत उपकेंद्र के चार नंबर फीडर का केबल जलने से गुरुवार को फीडर से जुड़े पीडीरडीयू नगर बाजार सहित आस पास के इलाकों में साढ़े दस घंटे भोर चार बजे से लेकर दिन में ढाई बजे तक बिजली गुल रही। इससे करीब 15 हजार की आबादी प्रभावित हुई। बिजली के अभाव में सुबह पानी के मोटर नहीं चल सके और लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ा। वहीं लंबी कटौती की वजह से इन्वर्टर ने भी जवाब दे दिया और उमस भरी गर्मी में लोगों को काफी दिक्कत हुई। काफी प्रयास के बाद ढाई बजे गड़बड़ी दूर हुई और बिजली आपूर्ति शुरू हुई।
चंदासी के चार नंबर फीडर से बाजार के साथ नगर से सटे ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति होती है। गुरुवार की भोर में चार बजे अचानक फीडर का केबल जल गया। इससे अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में फीडर पर आधारित इलाके की बिजली आपूर्ति ठप की गई। भोर में लाइन कटने पर पहले तो लोगों को लगा कि नियमित कटौती होगी और जल्द ही आपूर्ति शुरू हो जाएगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बिजली आपूर्ति ठप होने से पानी की मशीन नहीं चली जिससे पेय जल के लिए लोगों को परेशान होना पड़ा। लोग हैंडपंपों पर आश्रित हो गए। वहीं दिन में 11 बजते-बजते घरों में लगे इन्वर्टर भी जवाब दे दिए। इससे लोग उमस भरी गर्मी में बेचैन हो गए। गुरुवार को लखनऊ से विभाग की एमडी को आना था। ऐसे में केबल जलते ही इसकी मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया। दिन में ढाई बजे मरम्मत का काम पूरा हुआ। आपूर्ति शुरू हुई। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इस संबंध में एक्सईएन प्रवीन कुमार ने बताया कि केबल जलने से बिजली आपूर्ति ठप हुई थी लेकिन उसे जोड़ कर आपूर्ति बहाल की गई है।