पीडीडीयू नगर/सकलडीहा। सूरज की तपिश, गर्मी और उमस से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। सुबह से चिलचिलाती धूप की वजह से सड़कों पर दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। सरकारी व गैर सरकारी दफ्तरों में भी भीड़भाड़ काफी कम रही। पसीना पोंछते लोगों का दिन बीता। दोपहर बाद करीब चार बजे मौसम में कुछ बदलाव हुआ और आसमान में हल्के बादल छाए जाने और आंधी चलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली।
बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 43.5 व न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा। वहीं आर्द्रता बढ़कर 53 पर पहुंच गया। आर्द्रता बढ़ने से उमस के कारण पंखे, कूलर के साथ अब एयरकंडीशनर भी काम नहीं कर रहे है। चिपचिपाहट भरे पसीने को पोंछकर लोग परेशान हो रहे हैं। गर्मी व उमस का प्रभाव लोगों की दिनचर्या पर भी पड़ने लगा है। सुबह तपन के कारण सड़कों पर सन्नाटा छा जा रहा है। शाम को भीड़ में कुछ इजाफा जरूर हो रहा है पर इसकी वजह से जाम की समस्या बन जा रही है। बुधवार की दोपहर कुछ देर के लिए हल्की आंधी आई इससे थोड़ी सी राहत मिली। वहीं नगर में मंगलवार की रात से बिजली कटौती भी लोगों को परेशान किए रही। रात के नौ बजे से जारी बिजली की आंख-मिचौली बुधवार को दिनभर बनी रही। इसे लेकर लोगों में रोष रहा।
सकलडीहा में तेज गर्मी व उमस के कारण बजारों, कस्बा व स्टेशन रोड की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। गर्मी से राहत पाने के लिए सड़क पर चलने वाले लोग अपना चेहरा गमछे व अन्य कपड़ों से ढंके हुए थे। वहीं महिलाएं भी धूप से बचने के लिए चेहरे पर स्कार्फ बांधे व छाता लेकर चलती दिखीं। शाम को सूरज की तपिश कम हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली। इसके अलावा बिजली की आवाजाही लोगों की परेशानी का सबब बनी रही। कस्बावासियों का कहना है कि बिजली विभाग का कोई रोस्टर नहीं रह गया है।
सकलडीहा। तन झुलसाती गर्मी की वजह से सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। गर्म हवा के थपेड़ों से परेशानी हुई । छांव दिखते ही लोग रुक जा रहे थे। शाम को मौसम में थोड़ा बदलाव आया और गर्मी से राहत मिली।