चकिया। क्षेत्र के सिकंदरपुर में लगा सौ केवीए का ट्रांसफार्मर दो जून से ही जला पड़ा है। इससे गांव के ढाई सौ घरों में बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। उमस और भीषण गर्मी में बिजली न रहने से लोग परेशान हैं। कई बार गामीणों ने इसकी शिकायत बिजली विभाग के अधिकारियों से की लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। इससे लोगों में विभाग के प्रति आक्रोश है।
गांव में लगे सौ केवीए के ट्रांसफार्मर से सिकंदरपुर गांव के ढाई सौ से अधिक घ्ज्ञरों में बिजली आपूर्ति होती है। ओवरलोड और देख भाल के अभाव की वजह से 20 मई को ट्रांसफार्मर जल गया। इसकी शिकायत के बाद आठ दिन में 28 मई को नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई। इसके बाद ट्रांसफार्मर से धुआं और तेल रिसने का सिलसिला बना रहा वर्कशॉप की ओर ट्रांसफार्मर की मरम्मत में लापरवाही के कारण दो सप्ताह के बाद पुन: जल गया। इसके कारण तमाम परेशानियों से उपभोक्ता तथा नागरिक जूझने को विवश हैं। गांव के सत्यप्रकाश गुप्ता, संतोष जायसवाल, बनारसी, कल्लू केसरी, अनिल जायसवाल, उर्मिला जायसवाल, बृजेश मोदनवाल, राजेश कुमार ने बताया कि खराब ट्रांसफार्मर की शिकायत विभाग से की गई लेकिन अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया।
चकिया। स्थानीय वार्ड नंबर छह सिविल लाइन पूर्वी के पुरानी सब्जी मंडी स्थित एसबीआई एग्रीकल्चर बैंक के पास प्रमोद चौरसिया की गुमती में शनिवार की दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। यह देख लोगों ने शोर मचाया और नागरिक और बिजली कर्मचारी मौके पर पहुंच कर आग बुझाना शुरू कर दिया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को भी दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझा लिया। इस दौरान गुमटी में रखा पान, टाफी, सहित हजारों रुपये मूल्य के सामान जल गए।