पीडीडीयू नगर। लाइन में तकनीकी खराबी आने की वजह से रविवार को सुबह नौ बजे से अपराह्न दो बजे तक रेलवे कॉलोनियों और रेलवे स्टेशन की बिजली आपूर्ति ठप रही। भीषण गर्मी में लंबे समय तक बिजली गुल होने से यात्रियां के साथ कॉलोनियों में रहने वाले भी बेहाल हो गए। यही नहीं, कार्यालयों में बैठे अधिकारी और कर्मचारी भी पसीना पोछते नजर आए। रेलवे स्टेशन के साथ रेलवे कालोनियों में साहूपुरी उपकेंद्र के रेलवे फीडर से बिजली आपूर्ति होती है। ट्रेनों केे संचालन के लिए अलग-अलग उपकेंद्रों से बिजली आपूर्ति होती है। रविवार को तकनीकी खामी की वजह से सुबह नौ बजे रेलवे फीडर से आपूर्ति ठप हो गई। इससे रेलवे की यूरोपियन कॉलोनी, रोजा कॉलोनी, प्लांट डिपो कॉलोनी, हापुड़ कॉलोनी, डीजल कालोनी, लोको कालोनी, सेंट्रल कालोनी, मानस नगर, गया कालोनी, अप यार्ड कालोनी, इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी, शास्त्री कालोनी और आरपीएफ कालोनी के लोग बेचैन हो गए। गर्मी की वजह से कर्मचारियों के परिवार पूरी दोपहर उबलते रहे। यही हाल रेलवे स्टेशन का रहा। बिजली आपूर्ति न होने से लिफ्ट, इस्केलेटर और यात्री हाल में लगे सभी पंखे आदि बंद हो गए। इससे यात्रियों को परेशान होना पड़ा। इसी तरह आरपीएफ पोस्ट के साथ अन्य कार्यालयों में कर्मचारी परेशान रहे। अपराह्न दो बजे गड़बड़ी दूर कर आपूर्ति बहाल की गई तब लोगों ने राहत की सांस ली। विद्युत वितरण केंद्र चंदौली द्वितीय के प्रवीण कुमार ने बताया कि तकनीकी खराबी आने से आपूर्ति बाधित हो गई थी। करीब दो बजे कड़बड़ी दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी गई थी।