चंदौली। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल की अध्यक्षता में चल रही समीक्षा बैठक में मोबाइल पर गेम खेलना पशुपालन विभाग के चिकित्सक अधिकारी डॉ. पंकज यादव को भारी पड़ गया है। डीएम ने पशु चिकित्सक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के लिए प्रमुख सचिव पशुपालन को पत्र भेजा है। वहीं, बैठक में अनुपस्थित चार अधिकारियों को डीएम के निर्देश पर सीडीओ डॉ. एके श्रीवास्तव ने नोटिस भेजा है। जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट सभागार में विभागवार समीक्षा बैठक कर रहे थे। इसमें पशु चिकित्सक मोबाइल पर गेम खेलते हुए पाए गए थे वहीं चार अधिकारी बैठक से अनुपस्थित थे। डीएम नवनीत सिंह चहल कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ निराश्रित पशुओं की देखभाल के लिए बैठक कर रहे थे। इसी दौरान पशुपालन विभाग में टीकाकरण एवं प्रतिरक्षण पद पर तैनात चिकित्सक डा. पंकज यादव मोबाइल पर गेम खेलते हुए पाए गए। इसपर डीएम ने कड़ी आपत्ति जताई और चिकित्सक को कड़ी फटकार लगाई। पशु चिकित्सक की लापरवाही को गंभीरता लेते हुए डीएम ने प्रमुख सचिव पशुपालन को पत्र लिखकर निलंबन की संस्तुति की है। वहीं बैठक से गायब रहने वाले जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, चकिया बीडीओ और एक्सईएन जल निगम पर भी डीएम ने सख्त रुख अख्तियार किया है। डीएम के निर्देश पर सीडीओ ने चारों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।