स्वास्थ्य केंद्र पर नहीं है होम्यापैथ की दवाएं
अमर उजाला ब्यूरो
कंदवा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी पर तैनात आयुष होम्यो चिकित्सक होम्योपैथ की दवाएं न मिलने से अस्पताल आने वाले मरीजों को एलोपैथिक दवाएं दे रहे हैं। विभागीय उदासीनता का खामियाजा क्षेत्रीय लोगों को उठाना पड़ रहा है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी पर पिछले कई वर्षों पूर्व से होम्योपैथ चिकित्सक डॉक्टर एसपी त्यागी और एक फार्मासिस्ट की तैनाती की गई है। शुरूआती दौर में अस्पताल पर कुछ दवाइयां भी उपलब्ध कराई गई थी। जैसे ही अस्पताल पर होम्योपैथ के चिकित्सक और दवाइयां उपलब्ध होने की बात दूरदराज के गांव के मरीजों को पता चली अस्पताल पर मरीजों का आना-जाना शुरू हो गया। लेकिन पिछले कई माह से अस्पताल में होम्योपैथ की दवाइयां नहीं आ रही है। भदखरी गांव निवासी प्रवीन सिंह मोनू व असना गांव निवासी धर्मेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि होम्योपैथिक इलाज के लिए अस्पताल पर जाने पर समुचित दवाइयां नहीं मिल पाती हैं। बरहनी गांव निवासी संजीव व विकास त्रिपाठी का कहना है कि अस्पताल पर यदि होम्योपैथ की दवा उपलब्ध हो जाए तो लोगों फायदा होगा। वहीं अस्पताल तैनात होम्योपैथ चिकित्सक डॉ एस पी त्यागी का कहना है कि दवाइयों के लिए विभाग को कहा गया है जल्द ही दवाइयां उपलब्ध हो जाएंगी।