नौगढ़। जमसोती स्थित प्राथमिक विद्यालय पर शुक्रवार को काफी दिनों से गायब चल रहे अध्यापकों की गैर मौजूदगी से नाराज छात्रों के अभिभावकों ने विद्यालय पर हंगामा किया। स्कूल पर मौजूद शिक्षामित्रों को चेतावनी दी कि अगर शीघ्र गायब अध्यापक नहीं आए तो वे स्कूल पर तालाबंदी कर ब्लॉक संसाधन केंद्र पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ जाएंगे। बताया जाता है कि प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या 239 है। दोनों विद्यालयों का कैंपस एक होने से शिक्षा का माहौल प्रतिदिन बिगड़ रहा है। बताया कि प्राथमिक विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापक विवेकानंद दुबे दो वर्ष व पूर्व माध्यमिक विद्यालय पर नियुक्त अध्यापक सुनील शरण उपाध्याय पांच माह से गायब है। सूत्रों की माने तो इन अध्यापकों का लगातार वेतन बेसिक शिक्षा विभाग के द्वारा पारित किया जा रहा है। गांव के लोगों ने इसकी जानकारी तहसीलदार उप जिला अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और संपूर्ण समाधान दिवस में भी दी लेकिन अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया। प्रदर्शन करने वालों में बालमुकुंद कोल, हरवंश कोल, दिनेश कोल, रमेश कोल, रामविलास, राजेंद्र, धर्मेंद्र श्याम, रामजतन मीरा, कलावती, शीला, गुलाबी, सविता शामिल थे।