पीडीडीयू नगर। नई दिल्ली से पूरी जा रही डाउन पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के कोच में तकनीकी खराबी आने की वजह से स्थानीय रेलवे स्टेशन से खुलने के कुछ देर बाद गुरुवार को दोपहर सवा 12 बजे यार्ड में ट्रेन एक घंटे तक खड़ी रही। कंट्रोल की सूचना पर कैरेज विभाग ने खराबी को दूर किया और इसके बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई।
ट्रेन सुबह 10 बजकर 20 मिनट से डेढ़ घंटे की देरी से पौने बारह बजे स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर पहुंची। निर्धारित ठहराव के बाद 12 बजे ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई। अभी एक किलोमीटर आगे ही बढ़ी थी कि ट्रेन रुक गई। यार्ड में ट्रेन रुकने की सूचना चालक और गार्ड ने कंट्रोल को दी। पहले तो आरपीएफ इसे चेन पुलिंग का मामला समझ कर पहुंची। चालक और गार्ड ने भी तलाश की लेकिन ट्रेन रुकने का कारण नहीं पता चला। बाद में कैरेज विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सभी कोचों में खराबी की खोज की। कोच में खराबी का पता न चलने पर इंजन मरम्मत के लिए इंजीनियरों की टीम पहुंची। सभी विभागों ने मिलकर एक घंटे के प्रयास से तकनीकी खराबी दूर की और इसके बाद सवा एक बजे ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई। यात्रियों ने बताया कि इलाहाबाद के बाद से ही पहियों से तेज आवाज आ रही थी। इसकी सूचना स्टेशन पर विभाग को दी गई थी लेकिन मरम्मत नहीं की गई।