पड़ाव। विकासखंड नियामताबाद के बहादुरपुर गांव में ट्यूबवेल की क्षतिग्रस्त नाली की मरम्मत न कराए जाने से नाराज किसानों ने रविवार को सिंचाई विभाग व जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी भी की। साथ ही क्षतिग्रस्त नाली की शीघ्र मरम्मत न कराए जाने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी ।
किसानों का कहना था कि गांव में वर्षों पूर्व ट्यूबवेल का निर्माण कराया गया था। खेतों तक पानी पहुंचाए जाने के लिए पक्की नाली का निर्माण भी कराया गया था। कुछ दिन पूर्व से नाली क्षतिग्रस्त होने लगी है जिससे सिंचाई का कार्य बाधित हो रहा है। नाली की मरम्मत के लिए किसानों ने सिंचाई विभाग व जिला प्रशासन को पत्र के माध्यम से कई बार अवगत भी कराया लेकिन इस तरफ किसी ने ध्यान नहीं दिया। अजीज किसानों ने क्षतिग्रस्त नाली के समीप खड़े होकर सिंचाई विभाग व जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि शीघ्र नाली की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में प्रशांत, विरेंद्र यादव, शब्बीर अली, गिरधारी यादव, विष्णु, रघुनाथ, मूसा खान, छांग़ुर, जगत, लालचंद, जवाहर, कुतुबुद्दीन खान आदि शामिल थे।