पीडीडीयू नगर। नगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय के स्नातक एवं स्नातकोत्तर के प्रवेश में धांधली का आरोप लगाते हुए छात्र नेताओं ने कालेज परिसर में धरना दिया। इसके बाद प्राचार्य का घेराव कर छह अगस्त तक मामले का समाधान करने के लिए चेतावनी दी। चेताया कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर प्रकरण का हल नहीं निकला तो छात्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
धरनारत छात्रों ने आरोप लगाया कि एलबीएस पीजी कालेज में एमए हिंदी प्रथम वर्ष और बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए लिस्ट में जमकर धांधली की गई है। कहा कि गलत तरीके से आरक्षण लिस्ट निकाली गई है। इससे कई छात्र-छात्राएं प्रवेश से वंचित रह गए हैं। उन्होंने प्राचार्य डा. सुरेंद्र मिश्रा का घेराव कर पूर प्रकरण में छह अगस्त तक निर्णय लेकर समाधान निकालने के लिए चेतावनी दी। कहा कि यदि महाविद्यालय प्रशासन इस पर कोई निर्णय नहीं ले पाता है तो छात्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी महाविद्यालय की होगी। इस दौरान पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सत्येंद्र यादव सत्या, शशांक यादव, धीरज यादव धीरू, कुंदन, सूरज पटेल, अखिलेश, पंकज, आकिब अली, मोती बिंद, रजत वर्मा, विक्की, जितेंद्र अंकित, अरविंद सिंह, विजय मौर्य मौजूद रहे।