सकलडीहा। गेल कंपनी के खिलाफ शनिवार को किसानों ने 54 वें दिन अधिकारियों की उदासीनता को लेकर तहसील मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। चेताया कि मांगें पूरा होने तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। अंत में रविवार से नोनार नागनपुर में हो रहे कार्य रोको आंदोलन चलाने का घोषणा की।
अखिल भारतीय किसान महासभा के किसानों ने आरोप लगाया कि सबका साथ सबका विकास का नारा देने वाली केंद्र और प्रदेश की सरकार किसान विरोधी हो गई है। 54 दिनों से गेल कंपनी के खिलाफ किसानों का मांगों के समर्थन में धरना जारी है। लेकिन एक भी जिला स्तरीय अधिकारी मौके पर किसानों की समस्या सुनने को तैयार नहीं है। नाराज किसानों ने रविवार से नागनपुर में हो रहे जबरिया भूमि अधिग्रहण कार्य रोकने की घोषणा की। नाराज किसानों ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ तहसील मुख्यालय पर नारेबाजी की। विरोध जताने वाले में किसान महासभा के जिलाध्यक्ष किस्मत यादव, श्रवण कुशवाहा, उमाशंकर, रमेश राय, राजेश मौर्य, अनिल यादव, मनोज मौर्य, हरिशंकर विश्वकर्मा, गुड्डु यादव, सुनील, प्रेमनारायण मौजूद रहे।