मुगलसराय। पूर्व मध्य रेलवे ने चालू वित्त वर्ष के नवंबर माह में माल ढुलाई सहित अन्य सभी स्रोतों से प्राप्त होने वाले आय में उल्लेखनीय वृद्धि की है। रेलवे को नवंबर माह में 1374.36 करोड़ रुपये की प्रारंभिक राजस्व आय हुई है, यह पिछले वर्ष के नवंबर महीने की आय 1202.73 करोड़ रुपये की तुलना में 14.27 प्रतिशत अधिक है। यह किसी भी वर्ष के नवंबर माह में प्राप्त आय की तुलना में सर्वाधिक है। यही नही पूर्व मध्य रेल कोे चालू वित्त वर्ष में अब तक सभी स्रोतों से प्राप्त होने वाले आय में 17.30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार के अनुसार इस वर्ष अब तक 10124.60 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई है। पिछले वर्ष की इसी अवधि में 8631.53 करोड़ रुपये की आय हुई थी। नवंबर माह में केवल माल लदान से प्राप्त होने वाले आय में भी वृद्धि दर्ज करते हुए कुल 1106 करोड़ रुपए की आय प्राप्त हुई। यह पिछले वर्ष के नवंबर महीने में माल लदान से प्राप्त आय 971.99 करोड़ रुपये की तुलना में 13.79 प्रतिशत अधिक है। नवंबर माह में केवल यात्री टिकट से प्राप्त होने वाले आय में भी वृद्धि हुई है। अब तक कुल 236.18 करोड़ रुपए की आय प्राप्त हुई तथा यह पिछले वर्ष के नवम्बर महीने में यात्री यातायात से प्राप्त आय 212.40 करोड़ रुपये की तुलना में 11.20 प्रतिशत अधिक है।