नियामताबाद। विकास खंड क्षेत्र के कुल 88 ग्राम पंचायतों में 16 ग्राम पंचायत और ग्राम विकास अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। लेकिन अधिकारियों द्वारा संबंधित गांव में जाने से गुरेज करने के कारण ग्रामीणों को कुटुंब रजिस्टर की नकल सहित अन्य कार्यों के लिए उनके घरों का चक्कर लगाना पड़ रहा है। खंड विकास अधिकारी राजन राय ने संबंधित पंचायत अधिकारियों के नाम और मोबाइल नंबर के साथ संबंधित ग्राम में कार्य दिवस को अंकित करके सूची को कार्यालय के बोर्ड पर चस्पा कराने की बात कही है।
स्थानीय विकास खंड से जुड़े कुल 88 ग्राम पंचायतों से जुड़े पंचायत अधिकारियों में न्याय पंचायत स्तर पर कार्य का वितरण किया गया है। जिसमें आबादी के हिसाब से किसी को पांच तो किसी को छह गांव आवंटित हुए हैं। इसके बावजूद ग्राम विकास अधिकारी संबंधित गांवों में जाने से गुरेज करते हैं। वे सफाई कर्मियों और रोजगार सेवकों के माध्यम से विकास कार्य की फाइलों को अपने घर मंगाकर कार्य पूर्ण करते हैं। जबकि ग्रामीणों को कुटुंब रजिस्टर की नकल और अन्य कार्यों के लिए पंचायत अधिकारियों के घर का चक्कर लगाना मजबूरी हो गई है। इसको लेकर ग्रामीणों में काफी नाराजगी है। । इस संबंध में खंड विकास अधिकारी राजन राय ने बताया कि कुटुंब रजिस्टर की नकल न मिलने की शिकायतें मिल रही थीं। जिसपर तय किया गया है कि विकास खंड कार्यालय पर संबंधित अधिकारियों के आवंटित ग्राम पंचायत मोबाइल नंबर और कार्य दिवस को अंकित करके बोर्ड पर चस्पा कराया जाएगा। इसके बाद संबंधित अधिकारी गांवों में नहीं जाएंगे तो कड़ी कार्रवाई होगी।