मोहनिया। जिले के चैनपुर प्रखंड के छह, रामगढ़ के पांच और दुर्गावती के एक पंचायत में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से छात्र-छात्राओं को एल्बेंडाजोल और डीसी टैबलेट खिलाई गई। दवाएं खाने के बाद करीब 150 बच्चों की स्थिति बिगड़ने लगी। बीमार बच्चों में उल्टी व चक्कर आने की शिकायत मिली। आनन-फानन में बच्चों को चैनपुर, रामगढ़, दुर्गावती सीएचसी, मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल व भभुआ स्थित सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पतालों में उनका इलाज जारी है। मामले की सूचना पर पहुंचे भभुआ एसडीएम विजय कुमार ने बताया कि मेडिकल टीम से बात हुई है। टीम के सदस्यों का कहना है एल्बेंडाजोल और डीसी टैबलेट खिलाने से बच्चों में उल्टी और चक्कर आने की समस्याएं कुछ बच्चों में देखने को मिलती है। आराम के बाद उन्हें राहत महसूस होगी।